अजमेर: मुकुंद नगर में नया शराब ठेका खुलने पर भड़का आक्रोश, महिलाओं ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
अजमेर। शहर के आदर्श नगर स्थित मुकुंद नगर क्षेत्र में मंगलवार को नया शराब ठेका खुलने के विरोध में स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने मुख्य सड़क पर धरना देकर रास्ता जाम कर दिया और प्रशासन व आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
???? रातों-रात खुला ठेका, सुरक्षा पर उठे सवाल
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इलाके में रातों-रात गुपचुप तरीके से नया शराब ठेका खोल दिया गया, जबकि वहां पहले से ही एक ठेका संचालित है। प्रदर्शन में शामिल श्वेता जैन ने बताया कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकान खुलने से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा, "शराबियों के जमावड़े के कारण महिलाओं का रात में बाहर निकलना और वॉक करना मुश्किल हो जाएगा।"
⚖️ विवादित जमीन पर आवंटन का आरोप
प्रदर्शन का समर्थन कर रहे भाजपा नेता देवेंद्र सिंह शेखावत ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग ने एक विवादित जमीन पर ठेका अलॉट किया है। शेखावत ने कहा कि जिस जमीन पर कोर्ट का स्टे (स्थगन आदेश) है, वहां अवैध तरीके से दुकान आवंटित करना नियम विरुद्ध है, जिसके खिलाफ जनता को सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा।
???? पुलिस ने कराई समझाइश
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की बात सुनी और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका।
⚡ दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
मुकुंद नगर वासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर इस अवैध और सुरक्षा के लिहाज से अनुचित ठेके को बंद नहीं कराया, तो आने वाले दिनों में क्षेत्रवासी कलेक्ट्रेट का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे।


