संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर 'आप' का महामंथन; बूथ स्तर तक टीम मजबूत करने पर जोर
राजसमंद (पप्पूलाल कीर) आगामी स्थानीय चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) राजस्थान ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश सह-प्रभारी सतपाल कैम का दो दिवसीय राजसमंद दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन विस्तार, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण मंथन किया गया।
दौरे के पहले दिन 15 मई को भीम विधानसभा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने और जनसंपर्क अभियान में तेजी लाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के बाद सायंकाल प्रदेश सह-प्रभारी सतपाल कैम ने प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
दौरे के दूसरे दिन 16 मई को नाथद्वारा में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में आगामी स्थानीय चुनावों के लिए ठोस जमीनी रणनीति तैयार करने, वार्ड एवं बूथ स्तर पर मजबूत टीमों का गठन करने और संगठनात्मक ढांचे को धार देने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की जनहितैषी नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
इस दो दिवसीय सांगठनिक दौरे में प्रदेश सह-प्रभारी के साथ प्रदेश महासचिव श्रीमती कीर्ति पाठक, प्रदेश सचिव एवं महिला विंग प्रभारी श्रीमती मीना त्यागी तथा प्रदेश सचिव अमित वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पार्टी कार्यकर्ता पप्पू लाल कीर ने बताया कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक पूरी तरह सक्रिय करना और आगामी चुनावों में जीत के लिए एक मजबूत ब्लूप्रिंट तैयार करना है। बैठकों के समापन के बाद प्रदेश सह-प्रभारी सतपाल कैम भीलवाड़ा के लिए प्रस्थान कर गए।
इस अवसर पर प्रकाश चंद्र जैन, भरत पालीवाल, पप्पू लाल कीर, कालूराम कुमावत, सूर्य प्रकाश सनाड्य, तेजमल जैन, जमना कुमारी कीर, भेरू सिंह सहित आम आदमी पार्टी के अनेक स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


