भीषण गर्मी में आमजन को राहत देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, बिजली-पानी व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी — जवाहर सिंह बेढ़म
डीग (नीरज जैन) राजस्थान सरकार के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि भीषण गर्मी और हीट वेव के इस दौर में आमजन को राहत पहुंचाना सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बिजली, पानी और चिकित्सा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
गृह राज्य मंत्री बेढ़म मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह तथा जिला कलेक्टर मयंक मनीष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से भीषण गर्मी के मद्देनजर बिजली, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास कार्यों एवं बृज 84 कोस परिक्रमा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए विद्युत विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। उन्होंने जनसमस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए बैठक के दौरान ही संबंधित विद्युत अधिकारी को बृजनगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मौके पर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था की जाए। साथ ही परिक्रमा मार्ग सहित प्रमुख सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव जारी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को गर्मी से राहत मिल सके।
बैठक में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता को शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं में उपभोक्ताओं की संतुष्टि सर्वोपरि है। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सहायक अभियंताओं के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिक मास के अवसर पर आयोजित हो रही बृज 84 कोस परिक्रमा की व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। चिकित्सा विभाग द्वारा बताया गया कि परिक्रमार्थियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए 89 चिकित्सा कार्मिक, तीन कार एंबुलेंस तथा एक मोटरसाइकिल एंबुलेंस तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त 37 आश्रय स्थलों और 16 सहायता केंद्रों पर चिकित्सा स्टाफ की नियुक्ति की गई है।
गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए खोह आश्रय स्थल को सुविधाओं की दृष्टि से मॉडल आश्रय स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग को विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
क्षेत्रीय विकास कार्यों और बजट घोषणाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को सांवई खेड़ा डिप्रेशन कार्य इस प्रकार संपादित करने के निर्देश दिए गए कि आगामी बरसात में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक में नगर एवं डीग बाईपास के शिलान्यास को एक साथ आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
कुम्हेर में ड्रेनेज एवं ग्रे-वाटर ट्रीटमेंट कार्य के संबंध में अधिकारियों ने जानकारी दी कि टेंडर और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इस पर गृह राज्य मंत्री एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जिला कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुम्हेर खेल स्टेडियम की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
आगामी मानसून को देखते हुए गृह राज्य मंत्री ने सभी राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों और चिकित्सालयों की छतों की समय रहते साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव और सीलन जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। साथ ही पशुओं के टीकाकरण अभियान में तेजी लाने तथा आमजन की जनसुनवाई कर परिवादों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक के उपरांत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने पंचायत समिति परिसर में पौधारोपण किया।


