सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्कूल में फागोत्सव की धूम, रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बिखेरे रंग
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर के माताभर रोड स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान उच्च माध्यमिक विद्यालय में होली के पावन अवसर पर फागोत्सव और रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में चारों ओर फाल्गुनी बयार और उल्लास का माहौल देखने को मिला। विद्यालय की प्रधानाचार्या किस्मत राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षक वृन्द ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और फूलों की वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं। फाल्गुन के पारंपरिक गीतों पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके।
विद्यालय निदेशक महेंद्र विक्रम सिंह राठौड़ के अनुसार, इस अवसर पर इंटर हाउस रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंग्रेजी और हिन्दी दोनों माध्यमों के ग्रीन, ब्लू, रेड और येलो हाउस के विद्यार्थियों ने लाल, गुलाबी, हरी, नीली, पीली और बैंगनी रंगों के संगम से फर्श पर मनमोहक कलाकृतियां उकेरीं। अंग्रेजी माध्यम के प्रधानाचार्य कृष्णा दाधीच ने विजेताओं की घोषणा की। प्रतियोगिता प्रभारी रिजवाना शेख और कशिश चौहान के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय समन्वयक गोपाल वर्मा सहित सुबोध कुदेशिया, मुकेश सिंह, प्रकाश चौधरी, संदीप चौधरी, सुमिता कुमारी, पवन वर्मा, शब्बीर अहमद और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।