भारत विकास परिषद मकराना द्वारा 2 मार्च को आयोजित होगा होली स्नेह मिलन समारोह
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। भारत विकास परिषद शाखा मकराना के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक होली स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन सोमवार 2 मार्च 2026 को किया जाएगा। शाखा अध्यक्ष कमलकिशोर लढ़ा ने बताया कि यह कार्यक्रम स्थानीय श्री रामधन रान्दड़ भवन में आयोजित होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हास्य एवं वीर रस से ओत-प्रोत कविता पाठ होगा, जिसमें कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही मारवाड़ की परंपरा के अनुसार चंग की थाप और फूलों की होली का विशेष आयोजन किया जाएगा।
सचिव शुभम माहेश्वरी एवं कोषाध्यक्ष गिरिराज मालपानी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर साढ़े 3 बजे से होगा। परिषद ने विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इस स्नेह मिलन में केवल फूलों का ही प्रयोग करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम संयोजक श्यामसुन्दर स्वामी सहित परिषद के समस्त सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से इस अद्भुत और सांस्कृतिक आयोजन में पधारने का विनम्र आग्रह किया है।