मांडल में गूंजा कांग्रेस का बिगुल: 'संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ' के साथ चुनाव टालने पर सीधा प्रहार

Apr 14, 2026 - 16:59
 0
मांडल में गूंजा कांग्रेस का बिगुल: 'संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ' के साथ चुनाव टालने पर सीधा प्रहार

भीलवाड़ा/मांडल (बृजेश शर्मा) मांडल में कांग्रेस ने ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के आह्वान पर सत्य पैलेस में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) द्वारा आयोजित विशाल सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरे आयोजन में चुनाव टालने के फैसले के खिलाफ तीखा आक्रोश देखने को मिला।
जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में वक्ताओं ने राज्य सरकार पर पंचायती राज और निकाय चुनाव जानबूझकर टालने का आरोप लगाया। रामलाल जाट ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायती राज लोकतंत्र की बुनियाद है और चुनाव नहीं कराना सीधे तौर पर जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांग्रेस अब गांव-गांव और बूथ स्तर तक आंदोलन छेड़ेगी और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं पूर्व मंत्री नसीम अख्तर ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में संविधान की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को सरकार की नीतियों और चुनाव टालने के प्रभाव के बारे में जागरूक करें।
सम्मेलन में आगामी रणनीति को लेकर स्पष्ट दिशा तय की गई, जिसमें लंबित चुनावों को तत्काल कराने की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाने, ‘प्रत्येक बूथ – दस नए यूथ’ के लक्ष्य के साथ संगठन विस्तार करने और ब्लॉक स्तर पर जन आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और पूरे सम्मेलन में कांग्रेस के समर्थन में जोरदार नारे गूंजते रहे।
सम्मेलन में पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, राजेंद्र त्रिवेदी, ओम नरानीवाल, विभा माथुर, प्रद्युमन सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महेश सोनी ने किया। अंत में जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का निर्देश देते हुए कहा कि यह अभियान केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में इसे व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................