भीलवाड़ा का गौरव: एसपी यादव और एएसपी जैन को मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) राजस्थान पुलिस दिवस के अवसर पर भीलवाड़ा जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।
यह प्रतिष्ठित सम्मान 16 अप्रैल को जयपुर में आयोजित राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस घोषणा के बाद पूरे भीलवाड़ा जिले और पुलिस विभाग में खुशी और गर्व का माहौल है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान ईमानदारी, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया हो। इस बार भीलवाड़ा के दोनों अधिकारियों ने अपनी कार्यकुशलता से जिले का नाम रोशन किया है।
वरिष्ठ शासन एवं उप सचिव (पुलिस) रत्नेश कुमार शर्मा द्वारा जारी सूची के अनुसार, इस वर्ष पूरे राजस्थान में कुल 37 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और 6 अधिकारियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया गया है।
भीलवाड़ा के इन दोनों अधिकारियों का चयन न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण का सम्मान है, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है।


