हलैना (विष्णु मित्तल) राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागड़े ने भरतपुर जिले के कस्वा भुसावर में श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर की अधीनस्थ इकाई कृषि महाविद्यालय नवनिर्मित प्रशासनिक एवं अकादमिक भवन , छात्र छात्रावास, कन्या छात्रावास एवं कैंटीन का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर कृषि, उद्यानिकी एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉण् किरोड़ी लाल मीणा, वैर विधायक बहादुर सिंह कोली, विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोण् डॉण् पुष्पेंद्र सिंह, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, आईजी प्रीति चंन्द्रा, जिला कलक्टर कमर चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीना, कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरू डॉण् विमला ठुकवाल, ब्रज विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉण् मदन राठौड, कृषि विभाग अतिरिक्त निदेशक देशराजसिंह, संयुक्त निदेशक उद्यान योगेश शर्मा, कृषि राधेश्याम मीना, एसडीएम राधेश्याम मीना, संस्कार नर्सिंग कॉलेज के चेयरमेन सन्तोष चौधरी, पूर्व जिला प्रमुख द्वारिका प्रसाद गोयल, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगदीश मीणा, भाजपा नेता गिरधारी गुप्ता, डीपीएम समूह के कार्यकारी निदेशक डॉ.प्रेमलता चौधरी, भाजपा शहर मण्डल भुसावर अध्यक्ष व नगर पालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष धीरज पाण्डेय, मुकेश शर्मा घाटरी, एसएन कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर राकेश कुमार , कृषि कॉलेज भुसावर के डीन मनोहरी लाल मीणासहित जिला स्तरीय अधिकारी, किसान एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और कृषि विश्वविद्यालय किसानों के भविष्य को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक भवन तभी सार्थक होंगे, जब यहां से निकलने वाले विद्यार्थी ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से समाज और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सहनशीलता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने का आव्हान किया।
राज्यपाल ने कृषि शिक्षा से प्राप्त वैज्ञानिक जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाने पर बल देते हुए कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने स्टार्टअप, कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया। समारोह की शुरुआत राज्यपाल के स्वागत, वृक्षारोपण और नवीन भवनों के लोकार्पण के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने भवनों का निरीक्षण किया तथा महाविद्यालय द्वारा प्रकाशित भुसावर एट ए ग्लांस का विमोचन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम, दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ हुआ।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि भुसावर क्षेत्र उद्यानिकी उत्पादन में अग्रणी है और यहां आम, नींबू तथा अमरूद का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता सुरक्षित रहेगी और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि अब फसल खराबे के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उर्वरकों की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं रहेगी नकली खाद बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आव्हान किया।
कुलगुरु प्रो. डॉ. पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर 32वीं तथा राजस्थान में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय के अनुसंधान, विकसित उन्नत फसल किस्मों तथा 12 जिलों में विस्तारित कार्यक्षेत्र की जानकारी भी दी। कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एमएल मीना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।