खैरथल मीडिया क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर वरिष्ठ पत्रकार मनोज परमार का हुआ भव्य स्वागत; संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन
खैरथल-तिजारा ( हीरालाल भूरानी)। खैरथल मीडिया क्लब में वरिष्ठ पत्रकार मनोज परमार को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर पत्रकार जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में पत्रकार साथियों ने उनका माल्यार्पण कर भावभिना स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के समक्ष आ रही वर्तमान चुनौतियों, पत्रकारों की एकजुटता तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
अनुभव से संगठन को मिलेगी नई दिशा
उल्लेखनीय है कि मनोज परमार वर्तमान में दैनिक भास्कर डिजिटल एवं फर्स्ट इंडिया में रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने पर उपस्थित सभी पत्रकारों ने पूर्ण विश्वास जताया कि उनके दीर्घकालिक अनुभव से खैरथल मीडिया क्लब को एक नई दिशा मिलेगी और पत्रकारों से जुड़े हर ज्वलंत मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
हितों की रक्षा और गरिमा बनाए रखना प्राथमिकता: मनोज परमार
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा करना, आपसी समन्वय कायम रखना और पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा, "पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका होती है। खैरथल मीडिया क्लब को मजबूत बनाने के लिए सभी साथियों को साथ लेकर काम किया जाएगा और पत्रकारों के सम्मान व समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।"
वरिष्ठ पत्रकारों ने जताई एकजुटता की उम्मीद
कार्यक्रम के दौरान पत्रकार प्रमोद खंडेलवाल, संजय लालवानी, हीरालाल भूरानी, प्रमोद केवलानी, दिनेश माखीजा, मनीष मिश्रा, बबलू मेहता, उमेश अग्रवाल, नरेन्द्र रोघा, मनीष शर्मा, रविंद्र शर्मा और रवि दासवानी ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और आपसी सहयोग पर बल देते हुए कहा कि सभी पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
उपस्थित सभी पत्रकारों ने मनोज परमार को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को पूरी तरह सक्रिय बनाने और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का साझा संकल्प दोहराया।

