ओवरलोड ट्रक रेलवे फाटक पर लगी गाटर में फंस गया, ट्रैफिक पुलिस ने मशक्कत के बाद निकाला
शहर के व्यस्त मार्गों से निकल रहे ओवरलोड वाहन, रोजाना जाम लग रहा, रोकथाम नहीं
खैरथल (हीरालाल भूरानी) खैरथल को जिला मुख्यालय बने दो साल से ज्यादा हो चुके हैं। इसके बावजूद शहर की हालत जस की तस बनी हुई है। शहर के बीचोंबीच भीड़भाड़ वाले रास्तों से ओवरलोड वाहन बेरोकटोक गुजर रहे हैं। इससे रेलवे फाटक के पास रोज लंबा जाम लग रहा है। बुधवार दोपहर एक ओवरलोड ट्रक रेलवे फाटक पर लगी ओवर हाइट गाटर में फंस गया। ट्रैफिक पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक को निकाला। इस दौरान आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
भारी और ओवरलोड वाहनों के कारण शहर में रोज जाम की स्थिति बन रही है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी आम लोगों को हो रही है। पुलिस और प्रशासन इस समस्या से बेपरवाह नजर आ रहे हैं। चूड़ी मार्केट, हेमू कालानी चौक, सब्जी मंडी, हरसौली रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में अवैध पार्किंग, ठेलों की भरमार और दुकानों के बाहर तक फैला सामान जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं। लोग भी अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े कर रहे हैं।इन रास्तों से जब भारी वाहन गुजरते हैं तो हालात और बिगड़ जाते हैं। राहगीरों और छोटे वाहन चालकों को जाम से निकलने में काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण रोज आधे घंटे तक जाम लगता है। आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे फाटक पर दो ट्रैफिक कांस्टेबल तैनात हैं। लेकिन उन्हें ओवरलोड वाहनों का चालान काटने की अनुमति नहीं है। फाटक के पास दुकानदारों ने बताया कि ऐसी घटनाएं रोज होती हैं। फिर भी प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। मंगलवार को मंदिर के पास एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक टूट गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।


