नवरात्र पर्व पर अलवर लेडीज क्लब ने बिखेरे रंग: सिगड़ी रिसॉर्ट में गरबा-डांडिया की रही धूम, महिलाओं ने जमकर जमाया रंग
खैरथल/अलवर ( हीरालाल भूरानी)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर 'अलवर लेडीज क्लब' द्वारा सिगड़ी रिसॉर्ट में एक भव्य व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भक्ति, उल्लास और उमंग से भरे इस कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर भाग लिया, जिसमें विशेष रूप से आयोजित 'डांडिया रास' पूरे कार्यक्रम के दौरान मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा।
डांडिया रास ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने डांडिया और गरबा की धुनों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रांगण में मौजूद सभी लोगों ने महिलाओं के इस शानदार डांडिया नृत्य और ऊर्जावान प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से जमकर सराहना की।
पदाधिकारियों के कुशल नेतृत्व में हुआ सफल आयोजन
इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन अलवर लेडीज क्लब की अध्यक्ष अंजू सोढ़ी, उपाध्यक्ष रीता कटारिया, सचिव सुनीला मेहता, सह-सचिव पूनम ढींगरा, कोषाध्यक्ष रश्मि मेहता और क्रीड़ा मंत्री बीना गेरा के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक व सफल बनाने में क्लब की वरिष्ठ सदस्याओं वीणा अरोड़ा, दीपिका खन्ना, सुषम सेतिया तथा रंजना खत्री का भी विशेष व अथक योगदान रहा। अंत में क्लब की पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित सदस्याओं का आभार व्यक्त करते हुए नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।

