खैरथल में राशन योजना पर सख्त पहरा:'गिवअप अभियान' का दूसरा चरण शुरू, घर-घर जाकर हो रही अपात्रों और दस्तावेजों की जाँच
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
खाद्य सुरक्षा योजना का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक राशन की पहुँच बनाने के लिए जिले में 'गिवअप अभियान' का द्वितीय चरण शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत अब अधिकारी घर-घर पहुँचकर (डोर-टू-डोर) लाभार्थियों की पात्रता और दस्तावेजों की गहन जाँच कर रहे हैं।
153 परिवारों का हुआ सर्वे, अपात्रों को दी जा रही सलाह:
जिला रसद अधिकारी (DRO) राकेश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार और विभागीय निर्देशों के तहत यह अभियान अक्टूबर से दिसंबर तक चलाया जाएगा। खैरथल नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में जिला रसद अधिकारी, प्रवर्तन अधिकारी और प्रवर्तन निरीक्षकों की संयुक्त टीमें गठित कर सर्वे किया जा रहा है। अब तक टीम ने 153 परिवारों के घर-घर जाकर उनके राशन कार्ड और पात्रता से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया है। सर्वे के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम अपात्र परिवारों को स्वेच्छा से योजना का लाभ छोड़ने (गिवअप करने) के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अपात्रों से होगी वसूली, जारी होंगे नोटिस:
रसद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सक्षम लोगों को बाहर कर गरीब व वंचित परिवारों को योजना से जोड़ना है। जो अपात्र लाभार्थी स्वेच्छा से अपना नाम नहीं हटाएंगे, उन्हें विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अभियान की नियमित मॉनिटरिंग के आधार पर पूर्व में उठाए गए गेहूं की वसूली की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।

