उदयपुरवाटी: शाकंभरी सकराय धाम के लिए 19 अक्टूबर को निकलेगी विशाल पैदल निशान यात्रा, पुष्प वर्षा से होगा स्वागत
उदयपुरवाटी / सुमेर सिंह राव
उदयपुरवाटी कस्बे में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 19 अक्टूबर को 'शाकंभरी कुटुंब सकराय धाम' के तत्वाधान में विशाल पैदल ध्वज (निशान) यात्रा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यात्रा को लेकर कस्बे में धार्मिक उत्साह का माहौल है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गणेश मंदिर से शुरू होगी पदयात्रा:
शाकंभरी कुटुंब परिवार के मूलचंद सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 अक्टूबर को यह विशाल पदयात्रा पाँचबत्ती स्थित गणेश मंदिर से शुरू होगी। यात्रा में हजारों की तादाद में श्रद्धालु हाथों में पवित्र निशान (ध्वज) थामे, डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे और सकराय धाम स्थित माता के दरबार पहुँचकर शीश नवाएंगे।
जगह-जगह होगी पुष्प वर्षा और जलपान की व्यवस्था:
कुटुंब परिवार के सुनील सैनी (लाइब्रेरी), प्रकाश चंद सैनी (लाइनमैन) और विनय सैनी ने बताया कि पदयात्रा के स्वागत के लिए कस्बेवासियों में खासा उत्साह है। कस्बे में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही पदयात्रियों की सुविधा के लिए रास्ते में जलपान और अल्पाहार की विशेष व्यवस्थाएँ भी शाकंभरी कुटुंब परिवार की ओर से की गई हैं।
तैयारियाँ अंतिम चरण में:
आयोजकों के अनुसार 19 अक्टूबर को आयोजित होने वाली इस वार्षिक पैदल निशान यात्रा को ऐतिहासिक और सुगम बनाने के लिए शाकंभरी कुटुंब परिवार के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं।

