बहरोड़ में 181 पोर्टल पर शिकायत के बाद विभाग की कार्रवाई:मिलावटी और अधिक रंग वाली 135 किग्रा खाद्य सामग्री सहित हरी मटर को कराया नष्ट, प्रतिष्ठानों को थमाया इम्प्रूवमेंट नोटिस

Oct 16, 2026 - 18:53
 0
बहरोड़ में 181 पोर्टल पर शिकायत के बाद विभाग की कार्रवाई:मिलावटी और अधिक रंग वाली 135 किग्रा खाद्य सामग्री सहित हरी मटर को कराया नष्ट, प्रतिष्ठानों को थमाया इम्प्रूवमेंट नोटिस

बहरोड़ (कोटपूतली-बहरोड़) भारत कुमार शर्मा

आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता के निर्देशों के पालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को बहरोड़ क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

181 पोर्टल पर मिली शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई:

अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने बताया कि राज्य सरकार के 181 संपर्क पोर्टल पर बहरोड़ सब्जी मंडी में 'हरी मटर' में हानिकारक कृत्रिम रंग के प्रयोग के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। इसी शिकायत का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर पड़ताल और कार्रवाई शुरू की।

135 किलोग्राम हानिकारक खाद्य सामग्री करवाई नष्ट:

निरीक्षण के दौरान विभाग ने जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानक से अधिक रंग मिलाकर तैयार की गई खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया, जिसमें शामिल हैं:

  • जलेबी: लगभग 60 किलोग्राम (अधिक रंग के प्रयोग वाली)

  • चाशनी: 50 किलोग्राम (अत्यधिक रंग युक्त)

  • हरी मटर: लगभग 25 किलोग्राम (कृत्रिम रंग लगी हुई)

    इस प्रकार कुल 135 किलोग्राम अमानक व हानिकारक खाद्य सामग्री को मौके पर ही विनष्ट कराया गया।

मिठाइयों के सैंपल लेकर जयपुर लैब भेजे:

कार्रवाई के दौरान टीम ने मैसर्स बाबू मिष्ठान भंडार से मिल्क केक तथा मैसर्स गोपी कचौरी से कचौरी एवं जलेबी के नमूने (सैंपल) संग्रहित किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद 'खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006' के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी, सुधार के निर्देश:

निरीक्षण के दौरान खाद्य स्वच्छता और गुणवत्ता में कमियाँ पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों व प्रतिष्ठानों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। डॉ. शेखावत ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में अनावश्यक या अत्यधिक रासायनिक रंगों का प्रयोग मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है, इसलिए ऐसे तत्वों के खिलाफ विभाग की सख्ती आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा एवं नेहा शर्मा पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................