रैणी में वकीलों का विरोध प्रदर्शनः तहसील परिसर में ही कोर्ट भवन की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रैणी (अलवर) महेश चन्द मीना
अलवर के रैणी में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट के लिए भूमि आवंटन को लेकर वकीलों ने धरना-प्रदर्शन किया। 20 जून शुक्रवार को राजगढ़ और रैणी के अधिवक्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
वकीलों ने रैणी उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उनकी मुख्य मांग है कि न्यायालय के लिए रैणी तहसील परिसर में ही भूमि आवंटित की जाए। वकीलों ने कोर्ट के लिए किसी अन्य स्थान पर भूमि आवंटन का विरोध किया। उन्होंने इस मांग के लिए अंतिम समय तक संघर्ष करने का संकल्प लिया है।
वकील सुभाष चंद्र शर्मा ने मीडिया को बताया कि तहसील परिसर में कोर्ट स्थापित होने से आम जनता को सबसे ज्यादा लाभ होगा। यह स्थान सुविधाजनक है क्योंकि यहां उपखंड कार्यालय, बीडीओ कार्यालय और तहसील कार्यालय भी स्थित हैं। इस तरह सभी सरकारी कार्यालय एक ही परिसर में होने से लोगों को अपने काम निपटाने में सुविधा होगी।


