नशा मुक्ति पखवाड़ा के अंतर्गत युवाओं ने ली शपथ और हरियालो राजस्थान को सफल बनाने का लिया संकल्प
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
राजकीय महाविद्यालय खैरथल में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशा मुक्ति पखवाड़े के अंतर्गत नशे की लत से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता लाने की दिशा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ साथ ही वर्षा ऋतु में राजस्थान सरकार के महत्त्वाकांक्षी अभियान हरियालो राजस्थान को सफल बनाने के उद्देश्य से संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने जानकारी दी कि युवाओं को नशा न करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से युवाओं को नशे की आदत से दूर रहने और नशा करने वाले लोगों को इस समस्या से छुटकारा पाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में डॉ. दीपक कुमार ने युवाओं को नशे से दूर रहते हुए अपनी रचनात्मक अभिरुचियों के परिष्कार करने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मनीषा, रजनदीप, मेघा, लोकेश, कुशाल, बबलू आदि विद्यार्थियों ने अनेक प्रश्न पूछे जिनके बाद उपस्थित शिक्षकों ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। इसी क्रम में संकाय सदस्य सरस्वती मीणा ने वर्षा ऋतु में आरम्भ होने वाले हरियालो राजस्थान को सफल बनाने के लिए युवाओं को मार्गदर्शित किया। उपस्थित स्वयंसेवकों ने इस वर्ष महाविद्यालय परिसर में कुल 500 पौधे लगाकर कॉलेज परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान मीठालाल रैगर और स्टाफ सदस्य प्रभुदयाल आदि मौजूद रहे।

