आधी रात में डाली जा रही घटिया सामग्री की पाइप लाइन को ग्रामीणों ने रुकवाया:मामला रामगढ़ विधानसभा का
रामगढ़ अलवर (राधेश्याम गेरा)
पेयजल समस्या समाधान के लिए हुए बोरिंग की दो वर्ष बाद आधी रात में डाली जा रही घटिया सामग्री की पाइप लाइन को ग्रामीणों ने रुकवाया।
अलावडा के निकट ग्राम पंचायत चौमा अंतर्गत माणकी गांव में पेयजल समस्या समाधान के लिए तत्कालीन विधायक की अनुशंसा पर विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से दो वर्ष पूर्व बोरिंग तो लगवा दिया लेकिन गांव तक पाइप लाइन नही डलने से ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी रही। इस बारे में ग्रामीणों द्वारा तत्कालीन एसडीएम व विधायक सहित विभागीय अधिकारियों से अनेकों बार शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अंत में ग्रामीणों द्वारा वर्तमान विधायक सुखवंत सिंह से इस बारे में शिकायत की तो विधायक सुखवंत सिंह के निर्देश पर विभाग द्वारा तत्कालीन ठेकेदार को को पाइप लाइन के अधूरे कार्य को पूरा करने के बारे में कहा गया इस पर
ठेकेदार द्वारा बिना ग्राम पंचायत की एनओसी लिए ही दो दिन पूर्व माणकी गांव के रास्तों को जेसीबी से खोद कर खुला छोड़ दिया उसके बाद आधी रात में घटिया क्वालिटी की पाइप लाइन डाल रोडो़ं से दबाया जाने लगा तो मशीन की आवाज सुन कर आए खुशीराम , इस्राइल खां ग्रामीणों ने घटिया सामग्री की पाइप लाइन देख आसपास के सिरदार खां ,जैकम, पूर्व सरपंच सतीश मेघवाल व अन्य लोगों को बुला कार्य रुकवा दिया। इस पर ठेकेदार द्वारा कहा गया कि पाइप लाइन तो यही डलेगी तुम जंहा शिकायत करना चाहते हो कर लो।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार द्वारा बिना ग्राम पंचायत की एनओसी लिए रोड़ को खोदकर खुला छोड़ रखा है जिससे लोगों को और किसानों को खेतों से फसल और चारा लाने में परेशानीयो का सामना करना पड़ रहा है। और जो पाइप लाइन डाली जा रही है बिल्कुल घटिया क्वालिटी की है जो कि रोडों से दबाई जा रही है इस पर चलने वाले साधनों के दबाव से शिघ्र ही पाइप लाइन फट जाएगी।
हमारी मांग है कि बढ़िया क्वालिटी की पाइप लाइन डलवाई जावे अन्यथा कार्य नहीं करने दिया जाएगा। यदि जबरन ठेकेदार द्वारा किया गया तो उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। यदि फिर भी कुछ नहीं हुआ तो अदालत में जनहित याचिका लगाई जाएगी। और बताया कि भ्रष्टाचार के कारण दो वर्ष से पाइप लाइन ही नहीं डाली गई। यदि वर्तमान विधायक को ग्रामीण नहीं जानकारी देते तो कागजों में तो कार्य भी पूरा हो चुका होगा। एक दो साल बाद बोरिंग फैल दिखाकर मामला दबा दिया जाता।
इस बारे में ग्राम पंचायत सरपंच पति रघुवीर सैनी ने बताया कि हमसे कोई एनओसी नहीं ली गई है। लाइन क्यों खोदी जा रही है पता नहीं। दो वर्ष पूर्व एक बोरिंग हुआ था हो सकता है उसकी पाइप लाइन डालने के लिए खोदी जा रही हो।
इस बारे में सहायक अभियंता सियाराम गुर्जर गुर्जर से फोन पर बात करनी चाही लेकिन उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया । दो घंटे बाद उनका फोन आया तो उनसे इस बारे में जानकारी चाही तो कहा गया कि अभी खबर मत बनाओ शाम को बात करते हैं।
कनिष्ठ अभियंता लोकेंद्र सिंह गुर्जर से पूछा तो जवाब में कहा कि एक बोर जेजेवाई योजना में विधायक कोटे से लगा था लेकिन पाइप लाइन अब डाली जा रही है और लोगों द्वारा कार्य रूकवा दिया इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है मैं जानकारी लेकर बताता हूं।