रामगढ़ में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के काटे चालान: मुख्य रास्तों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की
बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए कार्रवाई की गई,
अलवर जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में गुरुवार शाम 7 बजे रामगढ़ डीएसपी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में कस्बे के मुख्य रास्तों पर यातायात नियमों की विशेष जांच की गई। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
- नाकाबंदी कर काटे चालान
डीएसपी शर्मा की टीम ने रामगढ़ बस स्टैंड, मुख्य बाजार और मालपुर रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी की। इस दौरान दर्जनों वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कई चालक रास्ता बदलकर भागते दिखे।
- नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी- डीएसपी
डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने कहा- सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, फिर भी कुछ वाहन चालक यातायात नियमों का पालन नहीं करते। डीएसपी ने जोर देकर कहा, 'बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाना अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने जैसा है।'
उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ चालान काटने से लेकर वाहन जब्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी।
- लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस ने आम जनता से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। लोगों से नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने का आग्रह किया गया है। डीएसपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और नियमों का पालन करके ही सड़क हादसों को रोका जा सकता है।