जलदाय मंत्री से मिले रामगढ़ विधायक:पेयजल समस्या को लेकर की चर्चा, हर संभव मदद का मिला भरोसा
रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने जयपुर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग के मंत्री कन्हैयालाल चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे जल जीवन मिशन के कार्यों और पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
विधायक सुखवंत सिंह ने मंत्री को क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जमीनी हकीकत से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कई ग्रामीण इलाकों में पुरानी पाइपलाइनों के कारण जल आपूर्ति बाधित रहती है। इसके अतिरिक्त, कुछ स्थानों पर जल स्रोतों की कमी और बोरवेल सूखने से आमजन को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने मांग की कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और गति में सुधार किया जाए। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल समय पर पहुंच सके और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिले।
- मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने दिया आश्वासन -
मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने विधायक की बातों को गंभीरता से लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जल जीवन मिशन को प्राथमिकता दे रही है और 'हर घर नल योजना' के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र को हर संभव सहायता प्रदान करने और आवश्यक स्थानों पर नए पाइपलाइन प्रोजेक्ट या मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने का वादा किया।
- विधायक बोले-कोई घर पेयजल से वंचित ना रहे
विधायक सुखवंत सिंह ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट काफी हद तक कम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से इस योजना की प्रगति पर नजर रखेंगे ताकि क्षेत्र का कोई भी घर जल आपूर्ति से वंचित न रहे।