कचरा निस्तारण नहीं होने से लोग परेशान, मच्छर जनित बिमारियां फैलने लगी
रामगढ़ (अलवर /राधेश्याम गेरा ) रामगढ़ पंचायत समिति के बगड़ तिराया के समीप बनाए गए कचरा निस्तारण केंद्र पर कचरे का अम्बार लगने से राजपूत, बगड़ मेव और अग्यारा गांवों के लोगों का जीना दूभर हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने यहां कचरा प्लांट लगाकर इस क्षेत्र के निवासीयों के अन्याय किया है। एक तो कचरा निस्तारण केंद्र आबादी क्षेत्र के समीप और दूसरा प्लांट की मशीनें घटिया क्वालिटी के होने के कारण महीनों से बंद पड़ी हैं, जिससे कूड़े का निस्तारण नहीं होने से कूड़े का अम्बार लग रहा है। कूड़े के अम्बार से निकलने वाली दुर्गंध से लोगों को सांस लेने में भी कठिनाई हो रही है और मक्खी-मच्छरों और दुर्गंध से लोग परेशान हो रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों द्वारा समाजसेवी सुबेदीन धेगल के नेतृत्व में मंगलवार को पर्यावरण एवं जलवायु मंत्री संजय शर्मा से मिल समस्या से अवगत कराते हुए कचरा निस्तारण प्लांट को यंहा से जल्द से जल्द हटवाने की मांग का ज्ञापन सौंपा है।
सुबेदीन धेगल ने बताया कि यह प्लांट मंत्री के अपने पूर्व गांव बगड़ राजपूत में स्थित है, यहां लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इस बारे में पूर्व सरकार के सासन काल में भी तत्कालीन विधायक व अधिकारियों को अनेकों बार अवगत कराया था, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो पाई। साथ ही बताया कि कचरा निस्तारण के लिए मशीनों की खरीद फरोख्त में हुए भ्रष्टाचार के कारण मशीनें या तो बंद पड़ी है या घटिया क्वालिटी की होने के चलते उपयोग में ही नहीं लिए जाने से कबाड़ बन गई हैं। प्रशासन द्वारा भी कोई कार्यवाही नही की गई है।