जिला स्तरीय महिला सम्मेलन में नारी सशक्तिकरण का संदेश, डबल इंजन सरकार महिलाओं के उत्थान के लिये प्रतिबद्ध - मुख्यमंत्री
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर बीडीए ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह धौलपुर से माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल रूप से जुड़े और मातृशक्ति को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम पूर्णतः नारी शक्ति को समर्पित है। हमारी भारतीय संस्कृति में नारी का सदैव सम्मान रहा है। शास्त्रों में कहा गया है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी को शक्ति के रूप में दुर्गा, धन के रूप में लक्ष्मी और ज्ञान के रूप में सरस्वती के रूप में पूजनीय माना गया है। नारी शक्ति बेटी, बहन, पत्नी, माता, दादी और नानी जैसे अनेक रूपों में समाज को दिशा देती है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी नारी शक्ति है और उसके सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत डबल इंजन सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 91 लाख लाभार्थियों को 1,100 करोड़, 5,000 लखपति दीदियों को 100 करोड़ की ऋण सहायता, पालनहार योजना के 5.95 लाख लाभार्थियों को 103 करोड़, पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में 1.55 लाख छात्रों को 15 करोड़ तथा मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 5 हजार विद्यार्थियों को 2.5 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
उन्होंने बताया कि लखपति दीदी, कृषि सखी एवं पशु सखी को टैबलेट वितरित किए गए हैं। उज्ज्वला गैस योजना से महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ रसोई सुविधा मिली है। शौचालय निर्माण से महिला गरिमा एवं सम्मान को बढ़ावा मिला है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना से प्रदेश की महिलाओं को अन्य राज्यों में भी आउटबाउंड पोर्टिबिलिटी चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन से ग्रामीण महिलाओं को राहत मिली है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने भी संबोधित किया।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कालीबाई एवं देवनारायण योजना के तहत 5 बालिकाओं को स्कूटी की चाबी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों की पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा लाडो योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि का आवंटन किया गया। इस दौरान सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा, एसडीएम भारती गुप्ता, उपनिदेशक महिला अधिकारिता राजेश कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी, लाभार्थी महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अनुपमा चीमा ने किया।
---00---


