अरावली बचाओ जीवन बचाओ के तहत निकाला कैंडल मार्च
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना शहर के टंकी चौराहे से सोमवार की शाम को पैदल कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च अरावली को बचाने के लिए शहर के युवाओं ने निकाला। फिरोज पाजी ने बताया की अरावली पर्वतमाला सदियों से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को मरुस्थल बनने से बचाती आ रही है। यह पहाड़ियाँ रेत के तूफानों को रोकती हैं, वर्षा को संतुलित करती हैं और भूजल को रिचार्ज करने में बड़ी भूमिका निभाती हैं। आज अवैध खनन, अंधाधुंध कटाई और शहरी विस्तार के कारण अरावली का अस्तित्व खतरे में है। पहाड़ कट रहे हैं, जंगल खत्म हो रहे हैं और पानी के स्रोत सूखते जा रहे हैं। इसका सीधा असर मौसम, खेती और आम आदमी के जीवन पर पड़ रहा है। अरावली सिर्फ जमीन का टुकड़ा नहीं है, यह पानी, हवा और जीवन का सुरक्षा कवच है। यह 600 मीटर की नहीं, आने वाली 600 पीढ़ियों की चिंता का सवाल है। अगर आज प्रकृति हारी तो, कल इंसान को उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहां अब समय है कि सरकार और जनता मिलकर अरावली को बचाने के लिए सख्त कदम उठाएं, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य मिल पाए। इस मौके पर युवा फिरोज पाजी, आमीर गैसावत, समाज सेवी गंगाराम तनाण, एच एच खान, अरशद चौधरी, सलमान, बाबू भाई सहित अन्य युवा मौजूद थे।