वूमेन इंडिया मूवमेंट के नेतृत्व में हिजाब और उन्नाव रेप मामले के खिलाफ धरना-प्रदर्शन
बारां (राजस्थान) वूमेन इंडिया मूवमेंट की जानिब से हिजाब के नाम पर मुस्लिम महिलाओं के साथ हो रही बदसलूकी तथा उन्नाव रेप मामले में दोषी को मिल रही राहत के विरोध में आज शहर के अंजुमन चौराहा पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने में महिला कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और न्याय व्यवस्था से महिलाओं की सुरक्षा व न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर सड़क पर बैठी नजर आईं। बैनरों पर “हिजाब हमारा अधिकार”, “रेपिस्ट को सख्त सजा दो” और “महिलाओं को न्याय दो” जैसे नारे लिखे हुए थे। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने प्रदर्शन को मजबूती दी और समाज में बढ़ते अन्याय के खिलाफ आक्रोश को स्पष्ट रूप से सामने रखा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार के भेदभाव और उत्पीड़न को तत्काल रोका जाए। साथ ही उन्नाव रेप मामले के दोषी को किसी भी तरह की राहत न दी जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए सख्त कानूनों को प्रभावी रूप से लागू करने की भी मांग उठाई गई।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि देश में महिलाओं के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। हिजाब पहनना महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और धार्मिक अधिकार से जुड़ा विषय है, जबकि बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों में दोषियों को संरक्षण मिलना समाज के लिए खतरनाक संकेत है।
वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के सवाल पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


