अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन का भव्य आगाज; सिटी पैलेस से दिया गया पर्यावरण, फिटनेस और टाइगर संरक्षण का वैश्विक संदेश
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) वन्यजीव संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यटन को एक साथ जोड़ने वाली अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन का आज ऐतिहासिक सिटी पैलेस, अलवर से भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन अलवर सांसद खेल उत्सव के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ते हुए सरिस्का टाइगर रिज़र्व और अलवर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री व अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा, प्रशासनिक अधिकारी, खेल विभाग, वन विभाग एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच से वक्ताओं ने इसे केवल मैराथन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और टाइगर अवेयरनेस का जनआंदोलन बताया।
इस अवसर पर बॉलीवुड स्टार रणदीप हुड्डा को अलवर टाइगर मैराथन का ब्रांड एम्बेसडर घोषित किया गया। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में रणदीप हुड्डा के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। रणदीप हुड्डा ने कहा कि सरिस्का और अलवर उनके दिल के बेहद करीब हैं और वे इस अभियान से जुड़कर गर्व महसूस कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि अलवर टाइगर मैराथन आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएगी। इससे युवाओं में खेल भावना के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने सरिस्का में बढ़ती बाघ संख्या को सकारात्मक और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि यह मैराथन जंगल, पर्यावरण और वन्यजीवों के संरक्षण का मजबूत संदेश देगी और अलवर को स्पोर्ट्स व इको-टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करेगी।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि 8 फरवरी को अलवर में अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश के धावक भाग लेंगे। मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में हर आयु वर्ग के लिए दौड़ रखी गई है।
ऐतिहासिक सिटी पैलेस परिसर से हुआ यह शुभारंभ अलवर की संस्कृति, विरासत और प्रकृति को एक मंच पर लाने वाला ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ। यह आयोजन अलवर को खेल, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।