पशु बांधने के विवाद ने लिया उग्र रूप करीब दो दर्जन लोग घायल
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र स्थित हमीरपुर की गंडाला ढाणी में मामूली विवाद ने गंभीर हिंसा का रूप ले लिया। पशु बांधने की बात को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल हुआ, जिससे महिलाओं सहित बीस से अधिक लोग घायल हो गए।
पीड़ित नरसी राम मीणा ने बताया कि शुरुआत में केवल कहासुनी हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। करीब 15 से 20 मिनट तक लगातार मारपीट और पथराव चलता रहा। कई लोगों को गंभीर चोटें आईं, कुछ के सिर फट गए तो कुछ को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं और युवक आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। घायलों को पहले प्रतापगढ़ सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल अलवर रैफर किया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।