भरतपुर के 293वें स्थापना दिवस; 13 से 19 फरवरी तक होंगे विविध आयोजन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। भरतपुर के 293वें स्थापना दिवस को भव्य, रोचक एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 13 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा, गतिविधियों तथा विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं संगठनों की सहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन ने कहा कि भरतपुर स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध धरोहर, संस्कृति एवं पर्यटन से आमजन का भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे जिले में एक महोत्सव जैसा वातावरण बन सके। उन्होंने भरतपुर में किए जा रहे विकास कार्यों के विजन को प्रदर्शित करने हेतु एक प्रभावी डॉक्युमेंट्री तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही नगर निगम के माध्यम से शहर में वार्डवार सात दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाने तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर हेतु जन जागरूकता अभियान संचालित करने पर बल दिया।
निदेशक केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान चेतन कुमार बीवी ने बताया कि स्थापना दिवस के अंतर्गत 14 फरवरी को घना पक्षी विहार परिसर में राष्ट्रीय उद्यान से संबंधित फोटो प्रदर्शनी, विदेशी पर्यटकों एवं विद्यार्थियों के लिए रोचक प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। फोटो प्रदर्शनी के लिए आवेदन 10 फरवरी तक आमंत्रित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय फोटोग्राफरों को प्राथमिकता दी जाएगी।
अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने बताया कि विश्व प्रिय शास्त्री पार्क में 14 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय फ्लावर शो में अधिकाधिक नर्सरियों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी में औषधीय पौधों एवं हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ तथा भरतपुर के पर्यटन स्थलों पर आधारित पेंटिंग, क्विज एवं भाषण प्रतियोगिताओं में निजी एवं राजकीय विद्यालयों की टीमों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 17 फरवरी को नई मंडी में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में अधिकाधिक लोगों को भाग लेने का आह्वान किया। संयोजक गिरधारी तिवारी ने बताया कि 13 फरवरी को महाराजा सूरजमल जयंती के अवसर पर किशोरी महल में पुष्पांजलि कार्यक्रम एवं भरतपुर की समृद्ध ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत पर भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
ये होंगे विविध कार्यकम
महोत्सव की शुरुआत 13 फरवरी को प्रातः 10 बजे महाराजा सूरजमल जयंती के अवसर पर महाराजा सूरजमल स्मारक, किशोरी महल में पुष्पांजलि एवं संगोष्ठी तथा प्रातः 11 बजे महावीर समिति द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। 14 एवं 15 फरवरी को प्रातः 7 बजे केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में भ्रमण, प्रातः 8 बजे रस्साकशी एवं दौड़ प्रतियोगिता, प्रातः 10 बजे घना बर्ड फेस्टीवल व फोटोग्राफी प्रदर्शनी जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विश्व प्रसिद्ध शास्त्री पार्क में 14 से 16 फरवरी तक दोपहर 12 बजे से तीन दिवसीय फ्लावर शो का आयोजन किया जाएगा। इसी अवधि में डिस्ट्रिक्ट क्लब में लॉन्ग टेनिस, बैडमिंटन एवं शतरंज की खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। 16 फरवरी को राजकीय संग्रहालय, किला में प्रातः 9 बजे से चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 17 फरवरी को प्रातः 10 बजे से नई मंडी में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, वहीं दोपहर 3 बजे से बीडीए ऑडिटोरियम में रामायण आधारित एकल सुरताल कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। 18 फरवरी को प्रातः 9 बजे बिहारी जी मंदिर में महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे टाउन हॉल, किला में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सायं 6 बजे श्री बांके बिहारी जी मंदिर से किशोरी महल तक भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के समापन दिवस 19 फरवरी को प्रातः 7 बजे नगर निगम के प्रमुख चौराहों पर रंगोली सजावट कार्यक्रम, प्रातः 7.30 बजे स्वाभिमान मार्च, प्रातः 9 बजे पुष्पांजलि एवं मंच व्यवस्था कार्यक्रम आयोजित होंगे। सायंकाल 6 बजे विश्व प्रसिद्ध शास्त्री पार्क में भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ भरतपुर महोत्सव 2026 का समापन होगा।
बैठक में उपनिदेशक महिला अधिकारिता राजेश कुमार, एलडीएम पीएनबी प्रशांत कुमार, जिला समन्वयक लोहागढ़ विकास परिषद योगेश शर्मा, संयोजक भरतपुर स्थापना दिवस अनुराग गर्ग, एडवोकेट श्रीनाथ शर्मा, मनोज कुमार, जिला व्यापार संघ से संजीव गुप्ता, एमएसजे कॉलेज से डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, आरडी गर्ल्स कॉलेज से डॉ. निशा गोयल, सीओ स्काउट देवेन्द्र, हरित बृज सोसायटी से विष्णु कुमार शर्मा, सत्येन्द्र यादव, महेशचन्द सिंघल, अध्यक्ष वाणी प्रदूषण मुक्ति संस्थान ओमप्रकाश आजाद सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।