अधिकारी आम जन की समस्याओं का समयवद्ध और गुणवत्ता पूर्ण करे निस्तारण- उत्सव कौशल
जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत तिलकपुरी में आयोजित रात्रि चौपाल में सुनीं जनसमस्याएं
डीग (नीरज जैन)अधिकारी आमजन की समस्याओं का समय वद्ध, गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करे, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी यह बात जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने डीग जिले पंचायत समिति पहाड़ी की ग्राम पंचायत तिलकपुरी में आयोजित रात्रि चौपाल में जनसुनवाई करते हुए कही।
इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों के बीच बैठकर आत्मीयता से उनकी समस्याओं और अभाव-अभियोगों को सुना तथा मौके पर मौजूद विभिन्न विभागीय अधिकारियों को परिवादों के निस्तारण के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में मुख्य रूप से पेयजल, विद्युत आपूर्ति और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रकरण सामने आए। चंबल परियोजना के तहत जलापूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में प्राप्त परिवादों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पेयजल वितरण को सुचारू बनाया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत बिल भुगतान से जुड़ी विसंगतियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
चौपाल में जिला कलेक्टर द्धारा केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई। जिला कलक्टर कौशल ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत पात्र परिवारों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। साथ ही, स्थानीय नागरिकों द्वारा प्रस्तुत श्मशान घाट की चारदीवारी के निर्माण, पानी निकासी की उचित व्यवस्था और जमीन आवंटन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की गई। इन विषयों पर संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौका-मुआयना कर प्रस्ताव तैयार करने और नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही करने के लिए पाबंद किया।
जिला कलक्टर उत्सव कौशल ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य केवल शिकायतों को सुनना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता के साथ आमजन को राहत प्रदान करें। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सहित विभिन्न जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।