सावित्रीबाई फुले अवार्ड से सम्मानित हुईं नूरपुर की मेधावी छात्राएं
कठूमर (दिनेश लेखी) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नूरपुर में वार्षिक उत्सव के अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को ‘सावित्रीबाई फुले प्रतिभावान छात्रा अवार्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के उपप्रधानाचार्य मनोज कुमार सैनी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को यह पुरस्कार प्रतिवर्ष उनके द्वारा प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है ताकि वे महिला शिक्षा की प्रेरणास्रोत सावित्रीबाई फुले के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रख सकें।
इस पुरस्कार के अंतर्गत प्रत्येक छात्रा को 1100 रुपये नगद, प्रशस्ति पत्र तथा सावित्रीबाई फुले का चित्र भेंट किया जाता है। इस वर्ष कक्षा 10 में चंचल प्रजापत तथा कक्षा 12वीं कृषि विज्ञान संकाय में 92.80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा पूनम को यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद थे।