गोविंदगढ़ में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की रथ रैली: श्री जन जीवन कल्याण संस्थान और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन ने किया आयोजन
गोविंदगढ़ (अलवर) गोविन्दगढ़ में श्री जन जीवन कल्याण संस्थान ने 'जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन' के सहयोग से 'सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान' के तहत एक रथ रैली का आयोजन किया। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
विधायक सिंह ने इस अवसर पर लोगों को बाल विवाह न करने और इसे रोकने का संदेश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध होने के साथ-साथ एक बड़ी सामाजिक बुराई भी है।
बाल विवाह बच्चों को शिक्षा से कर देता है वंचित - मुद्गल
संस्थान के लोकेश कुमार मुद्गल ने बताया कि जब बच्चों की शादी हो जाती है, तो उनमें से अधिकांश स्कूल जाना छोड़ देते हैं। लड़कियों पर अक्सर घर के कामों को प्राथमिकता देने और परिवार की देखभाल करने का दबाव डाला जाता है। लड़कों से परिवार का भरण-पोषण करने के लिए काम करने की अपेक्षा की जाती है।
स्कूल छोड़ने से ये बच्चे सीखने, कौशल विकसित करने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर भी खो देते हैं। इससे उन्हें नुकसान होता है क्योंकि उनके लिए सुरक्षित और अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी पाना, आत्मनिर्भर जीवन जीना और अपने परिवारों को गरीबी से बाहर निकालने के लिए एक उज्ज्वल भविष्य बनाना मुश्किल हो जाता है।
इस कार्यक्रम में संस्थान के कार्यकर्ता लोकेश कुमार, सलाम खान, पुष्पेंद्र कुमार शर्मा, फारुख खान सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।