गांधीनगर में गूँजे देवी-देवताओं के जयकारे: विधायक बहादुर सिंह कोली के सानिध्य में कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू, 20 अप्रैल को होगा विशाल भंडारा
हलैना (विष्णु मित्तल) वैर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बहादुर सिंह कोली के गांधीनगर (भरतपुर) स्थित निज निवास 'लक्ष्मी निवास' पर नवनिर्मित मंदिर एवं देव प्रतिमाओं के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
महोत्सव की शुरुआत में आयोजित भव्य कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भजनों पर नृत्य किया। भगवा ध्वजों के साथ पुरुषों और बच्चों के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। कलश यात्रा में वैर, हलैना, भुसावर, पथैना, उच्चैन, नदबई सहित दर्जनों गाँवों और देशभर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मुख्य आयोजक विधायक बहादुर सिंह कोली ने बताया कि नवनिर्मित मंदिर में श्री खाटूश्याम बाबा, राधा-कृष्ण, शिवालय, शनिदेव एवं बाबा नीम करौली की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। 16 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से देश के प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा सुमधुर प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
महोत्सव का समापन 20 अप्रैल को प्रातः 7:15 बजे। विधि-विधान के साथ होगा। यज्ञ पूर्णाहुति प्रातः 11:15 बजे और दोपहर 12:00 बजे से विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा ।
विधायक बहादुर सिंह कोली ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करने का एक माध्यम है। 20 अप्रैल के मुख्य कार्यक्रम में कई राजनीतिक और सामाजिक विभूतियों के सम्मिलित होने की संभावना है।


