गोविंदगढ़-सीकरी मार्ग पर सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल, अलवर रेफर
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोविंदगढ़-सीकरी मार्ग पर मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसा सामने हो गया जिसमे एक तेज रफ्तार से आ रही पिकअप गाड़ी ने बाइक सवार एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर गिरा गंभीररूप से चोटिल हो गया। वारदात के बाद आरोपी पिकअप चालक मौके का फायदा उठाकर अपनी गाड़ी सहित फरार होने में कामयाब रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारोली निवासी तोहिद (उम्र 25 वर्ष) पुत्र खुर्शीद देर शाम अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी निजी कार्य के सिलसिले में अपने गांव से गोविंदगढ़ की तरफ आ रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह गोविंदगढ़-सीकरी मार्ग पर स्थित बर्फ फैक्ट्री के समीप पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों और सूचना पाकर पहुंचे घायल के परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए तोहिद को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), गोविंदगढ़ में भर्ती कराया। CHC के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एन.के. अग्रवाल ने घायल युवक का तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, तोहिद की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल, अलवर के लिए रेफर कर दिया है।


