खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: सुमेरपुर में करीब 8,000 किलो संदिग्ध मिलावटी मसाला जब्त, 7 सैंपल जांच के लिए जयपुर भेजे
सुमेरपुर (बरकत खान) आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ राज्य सरकार की "शुद्ध के लिए युद्ध" नीति के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाली जिले के सुमेरपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अतिरिक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) भगवत सिंह के नेतृत्व में जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) पाली के संयुक्त तत्वावधान में सुमेरपुर स्थित एक मसाला फैक्ट्री और गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध मिलावटी मसाला जब्त किया गया है।
रीको औद्योगिक क्षेत्र और शीतला चौक पर छापा
केंद्रीय और स्थानीय टीम ने सुमेरपुर के रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित निर्माण इकाई (फैक्ट्री) और शीतला चौक स्थित गोदाम पर संचालित 'चामुंडा ट्रेडिंग कंपनी' पर औचक निरीक्षण किया। यह प्रतिष्ठान मुकेश परमार नामक व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा था। टीम ने मौके से 'सीटीसी (CTC)' ब्रांड के नाम से पैक किए जा रहे और खुले पड़े मसालों को मिलावट के संदेह में सीज किया है।
जब्ती और सैंपलिंग का विवरण:
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत कुल 7 नमूने (सैंपल्स) लिए गए और 7,990 किलोग्राम संदिग्ध मसाला जब्त किया गया, जिसका विवरण इस प्रकार है:
- शीतला चौक गोदाम: यहाँ से सीटीसी ब्रांड के 500 ग्राम के पैकेटों में पैक हल्दी, मिर्च और धनिया पाउडर के सैंपल लिए गए। मौके से 4,740 पैकेटों में भरा करीब 2,370 किलोग्राम संदिग्ध मसाला जब्त किया गया।
- निर्माण इकाई (फैक्ट्री): यहाँ से मिर्च पाउडर के दो, हल्दी पाउडर का एक और धनिया पाउडर का एक सैंपल लिया गया। यहाँ से करीब 5,620 किलोग्राम खुला व तैयार संदिग्ध मसाला सीज किया गया।
दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, पाली डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बहुत बड़े स्तर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट कर जनता के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ का प्रतीत होता है। सभी 7 नमूनों को तुरंत जांच के लिए जयपुर स्थित केंद्रीय प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में जयपुर केंद्रीय टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) विनोद शर्मा, लोकेश शर्मा, अमित शर्मा, जगदीश प्रसाद तथा पाली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र शर्मा शामिल रहे।


