धरती को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं: जमालपुरिया, नीमकाजोहड़ा विद्यालय में पौधे किए वितरित
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) निकटवर्ती नीमकाजोहड़ा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को एक विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेस पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ, राजस्थान द्वारा चलाए जा रहे 21 दिवसीय पर्यावरण अभियान के तहत स्कूल परिसर में न केवल पौधारोपण किया गया, बल्कि विद्यार्थियों को पेड़ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष व संयोजक राकेश जमालपुरिया ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने आह्वान किया कि "हर एक व्यक्ति को जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।" जमालपुरिया ने बच्चों को पौधों की देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामलाल मीणा और अध्यापिका कमल सैनी ने पर्यावरण संरक्षण के इस अनूठे प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष मुरारी सैनी, जिला महासचिव मुबारक खान, अनिल सैनी ठेकेदार, योगेश सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।


