सिर्फ पौधा लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल भी है हरियाली की असली जिम्मेदारी- जिला कलेक्टर
खैरथल (हीरालाल भूरानी) जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के मार्गदर्शन में शनिवार को जिला सचिवालय परिषद स्थित पार्क में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्क में उगी खरपतवार एवं झाड़ियों को हटाया गया तथा दो वर्ष पूर्व हरियालो राजस्थान अभियान के तहत लगाए गए पौधों की छंटाई कर उनके चारों ओर बने पानी के गड्ढों की सफाई की गई, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में पौधों को पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा सके और उनका बेहतर संरक्षण हो सके। जिला कलेक्टर ने वर्षा ऋतु में पौधारोपण के साथ पेड़ों की नियमित देखभाल का संकल्प लेने की जिलेवासियों से अपील की।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने कहा कि वर्षा ऋतु में पौधारोपण करना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनकी नियमित देखभाल करना है। यदि लगाए गए पौधों की समय-समय पर सार-संभाल नहीं की जाएगी तो वृक्षारोपण का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति दिन में कुछ समय निकालकर अपने आसपास लगाए गए पौधों की देखभाल अवश्य करे, ताकि वे स्वस्थ वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि इस वर्षा ऋतु में नया पौधा लगाने के साथ-साथ पूर्व में लगाए गए पौधों की भी नियमित देखभाल करें। यही प्रयास हरियाली को स्थायी बनाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण देने की दिशा में सार्थक कदम होगा।
श्रमदान कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक नितिन कालरा, सूचना सहायक गोविंद प्रजापत, पटवारी दीपक धवन, होमगार्ड के हुकुम सिंह तथा डीक्यूआरटी टीम के करण खटाना, हेमंत गुर्जर, सतीश सोनी, दिलीप चौधरी, दीपक शर्मा, गौरव मीणा, धोलिया सिंह, इकबाल खान, नीरज शर्मा, अनिल शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, राजवीर, लखन सिंह, अमिचंद गुर्जर, भब्बूराम, विनोद कुमार, विनोद शर्मा, सौरव एवं कसम खान सहित अन्य कार्मिकों ने श्रमदान कर पार्क की साफ-सफाई और पौधों की देखभाल में सक्रिय सहभागिता निभाई।


