रामगढ़ निकाय चुनाव:35 वार्डों से जमा हुए लगभग 306 नामांकन फॉर्म,कांग्रेस ने 20 तो भाजपा ने 30 वार्डों में जमा कराए सिंबल
रामगढ़ निकाय चुनाव: अंतिम दिन एसडीएम कार्यालय में लगी भीड़, 35 वार्डों से जमा हुए लगभग 306 नामांकन फॉर्म
रामगढ़ (राधेश्याम गेरा)। नगर निकाय चुनाव के तहत नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को रामगढ़ एसडीएम कार्यालय में दिनभर चुनावी सरगर्मियां चरम पर रहीं। प्रातः से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और निर्दलीय दावेदारों के साथ उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा।
कार्यालय परिसर में लगी लंबी कतारें नगरपालिका क्षेत्र के सभी 35 वार्डों से पार्षद पद के दावेदार अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र जमा करने पहुंचे। अंतिम समय तक फार्म जमा करने के लिए एसडीएम कार्यालय के बाहर और अंदर प्रत्याशियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। शाम 3 बजे की समय सीमा तक लगभग 300 नामांकन फार्म जमा कराए गए।
भाजपा और कांग्रेस ने जमा कराए पार्टी सिंबल दोपहर करीब 1 बजे भाजपा के नगर निकाय चुनाव प्रभारी वेद प्रकाश पटेल और विधायक प्रतिनिधि मनदीप यादव पार्टी प्रत्याशियों के अधिकृत सिंबल लेकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहुंचे और सिंबल जमा करवाए। इसी प्रकार कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने भी अपने अधिकृत प्रत्याशियों के सिंबल जमा कराए। हालांकि, कांग्रेस ने केवल 20 वार्डों में अपने प्रत्याशियों के सिंबल जमा कराए हैं, वहीं भाजपा ने भी 5 वार्डों में अधिकृत प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।
निर्दलीयों और बागियों से मुकाबले के आसार सिंबल न मिलने या पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा न होने के कारण कुछ वार्डों में पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय के रूप में ही अपना पर्चा दाखिल कर दिया है। इससे कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय और रोचक होने की संभावना है।
कड़े सुरक्षा घेरे में शांतिपूर्ण प्रक्रिया संपन्न नामांकन के अंतिम दिन भारी भीड़ को देखते हुए एसडीएम कार्यालय के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पूरी नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। अब नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) और नाम वापसी के बाद ही चुनावी मैदान की अंतिम तस्वीर साफ हो सकेगी।

