मकराना और बोरावड़ में नामांकन का सैलाब:मकराना के 60 वार्डों में 555 तो बोरावड़ के 25 वार्डों में 154 दावेदार
नामांकन के अंतिम दिन उमड़ा प्रत्याशियों का हुजूम, मकराना व बोरावड़ में कुल 709 पर्चे दाखिल
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। स्थानीय निकाय चुनाव 2026 के तहत मकराना नगर परिषद और बोरावड़ नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को प्रत्याशियों और समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। अंतिम दिन दोनों ही निकायों में दावेदारों ने खासा उत्साह दिखाते हुए रिकॉर्ड संख्या में नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मकराना और बोरावड़ के कुल 85 वार्डों के लिए नामांकनों की कुल संख्या 709 तक पहुंच गई है।
मकराना में 555 और बोरावड़ में 154 नामांकन प्राप्त आंकड़ों के अनुसार:
-
मकराना नगर परिषद: 60 वार्डों के लिए अंतिम दिन 399 नामांकन पत्र जमा किए गए, जिसके साथ ही यहाँ कुल नामांकनों का आंकड़ा 555 तक पहुंच गया है।
-
बोरावड़ नगर पालिका: 25 वार्डों के लिए अंतिम दिन 127 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे। यहाँ कुल मिलाकर 154 नामांकन दाखिल हुए हैं।
अंतिम दिन दोनों स्थानीय निकायों में रिकॉर्ड कुल 526 नामांकन दाखिल किए गए।
रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए पर्चे नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन कक्षों में दिनभर गहमागहमी बनी रही। मकराना नगर परिषद के प्रत्याशियों ने उपखंड व तहसील कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी लायखान सिंह गुर्जर तथा तहसीलदार एवं रिटर्निंग अधिकारी रामस्वरूप मीणा के समक्ष अपने पर्चे जमा कराए। वहीं, बोरावड़ नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन मकराना उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल जाट के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
अंतिम दिन भारी संख्या में पर्चे दाखिल होने के साथ ही अब दोनों निकायों में चुनावी जंग बेहद दिलचस्प और रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है।

