ढढोरा से रुणिचा धाम के लिए राजपुरोहित नवयुवक मंडल का पैदल संघ रवाना, बाबा रामदेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
बावड़ी (जोधपुर) | मिश्रीलाल लखारा
बावड़ी उपखंड के ढढोरा गांव से मंगलवार को राजपुरोहित नवयुवक मंडल का पैदल संघ बाबा रामदेवजी महाराज के दर्शन के लिए रुणिचा धाम रवाना हुआ। संघ की रवानगी से पूर्व श्रद्धालुओं ने गांव में स्थित सती माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद 'बाबा रामदेवजी महाराज के जयकारों' के साथ श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अपनी पैदल यात्रा शुरू की।
लगातार चौथे वर्ष निकाली जा रही पदयात्रा
संघ के संचालक मांगू सिंह राजपुरोहित ने बताया कि हर वर्ष भादवा माह में बाबा रामदेवजी महाराज के दर्शन के लिए पैदल यात्रा आयोजित की जाती है। इसी परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष नवयुवक मंडल की ओर से चौथी बार यह पैदल संघ रवाना हुआ है। यात्रा का पहला रात्रि विश्राम पडासला में रहेगा, जिसके बाद श्रद्धालु रुणिचा धाम के लिए आगे प्रस्थान करेंगे।
क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की कामना
इस पैदल यात्रा में बच्चों, युवाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। नवयुवक मंडल के सदस्यों ने बताया कि रुणिचा धाम पहुंचकर बाबा रामदेवजी महाराज के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली और मंगलमय वातावरण की कामना को लेकर प्रार्थना की जाएगी।

