खैरथल में डीएलएसए और खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: बिना लाइसेंस चल रही दूध डेयरी की आपूर्ति बंद, मिठाइयों के सैंपल लिए
खैरथल (हीरालाल भूरानी):
त्योहारों के सीजन में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने खैरथल क्षेत्र में एक बड़ा औचक निरीक्षण अभियान चलाया, जिससे मिलावटखोरों और बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
बिना लाइसेंस चल रही डेयरी पर गाज:
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के निर्देशन और डीएलएसए सचिव सह अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अजीत कुड़ी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने वल्लभग्राम के सिवाना रोड क्षेत्र स्थित एक दूध डेयरी का निरीक्षण किया। जाँच के दौरान जब संचालक मौके पर कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, तो टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से दूध की आपूर्ति बंद करवा दी।
विजय डेयरी और फिजा केक यूनिट पर भी हुई छापेमारी:
-
विजय डेयरी: टीम ने कारखाने में मिठाई निर्माण प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जाँच की। यहाँ से कलाकंद, डोडा बर्फी और चॉकलेट बर्फी के नमूने लिए गए। निर्माण में उपयोग हो रहे सोयाबीन ऑयल की भी जाँच की गई। सुरक्षा उपकरणों की कमी मिलने पर संचालक को कड़े निर्देश दिए गए।
-
फिजा केक इकाई (इस्माइलपुर): यहाँ मिठाइयों के निर्माण की प्रक्रिया जांची गई, जहाँ रिफाइंड ऑयल से कलाकंद तैयार किया जाना पाया गया। टीम ने कच्चे मावे और मीठे मावे के नमूने लेकर जाँच के लिए प्रयोगशाला भिजवाए। साथ ही, साफ-सफाई रखने और बॉयलर संचालन के लिए जरूरी अनुमति व लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान ये रहे मौजूद:
इस पूरी संयुक्त कार्रवाई के दौरान डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार व उनकी टीम, पीएलवी सूरजभान कछवाहा, राहुल कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन का कहना है कि प्रयोगशाला से जाँच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता स्पष्ट होगी और मानकों के विपरीत पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

