पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में “फुटबॉल फॉर स्टूडेंट्स (F4S)” कार्यक्रम का सफल आयोजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में “फुटबॉल फॉर स्टूडेंट्स” (F4S) कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना का विकास करना तथा उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवलाल जाट रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में खेलों का अत्यधिक महत्व है तथा प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लेना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि फुटबॉल एक सुलभ एवं किफायती खेल है—एक ही फुटबॉल से 22 खिलाड़ी एक साथ खेल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में खेलों के क्षेत्र में युवाओं के लिए कैरियर के अनेक अवसर उपलब्ध हैं और प्रो लीग जैसी पहलों के माध्यम से खिलाड़ी अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत रचनात्मक विषयों से जुड़े शिक्षकों—शारीरिक शिक्षक सुरेशचंद बघेल, शारीरिक शिक्षिका जया, संगीत शिक्षक महावीर सिंह, कला शिक्षक शम्भूदयाल कुलदीप तथा पुस्तकालय अध्यक्ष गुलाब सिंह गोठवाल—की समिति द्वारा कुल 216 फुटबॉल का सफल वितरण किया गया। छात्र संख्या के अनुपात में विद्यालयों को 10, 5 एवं 3 फुटबॉल प्रदान किए गए। इस योजना के अंतर्गत 32 विद्यालयों को कुल 216 फुटबॉल वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत अलवर जिला, खैरथल-तिजारा तथा कोटपुतली-बहरोड़ (बानसूर, बहरोड़ एवं नीमराना) क्षेत्र के विद्यालयों में फुटबॉल वितरण किया जाएगा।
अंत में उप प्राचार्य के. आर. मीणा ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके बहुमूल्य समय एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इसी के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन सुषमा यादव (पीजीटी अंग्रेज़ी) द्वारा किया गया।