कठूमर से माँ धौलागढ़ देवी की भव्य नवमी पदयात्रा रवाना: हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई हाजिरी, भंडारे में ग्रहण की प्रसादी
कठूमर (दिनेश लेखी):
कठूमर कस्बे में 'धोलागढ़ देवी युवा भक्त मंडल' के तत्वावधान में माँ धौलागढ़ देवी की भव्य नवमी पदयात्रा गुरुवार को बेहद हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। पदयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर क्षेत्र में भक्ति का अलौकिक माहौल बना दिया।
गंगा महारानी मंदिर से विधि-विधानपूर्वक रवानगी:
पदयात्रा का शुभारंभ सुबह 7:15 बजे कस्बे के ऐतिहासिक गंगा महारानी मंदिर से हुआ। रवानगी से पूर्व पंडित मनोज भारद्वाज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाकर ध्वज पूजन संपन्न कराया। इसके बाद 'जय माता दी' और माँ धौलागढ़ देवी के गगनभेदी जयकारों के बीच सैकड़ों पदयात्री धाम के लिए रवाना हुए।
भजनों की धुन पर थिरके श्रद्धालु, जगह-जगह हुआ स्वागत:
मंडल के कोषाध्यक्ष रिमांशु शर्मा और विकास भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरी यात्रा के दौरान माहौल भक्तिरस से सराबोर रहा। श्रद्धालु हाथों में ध्वज थामे माँ के भजनों पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग में स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों द्वारा पदयात्रियों के लिए शीतल जल, फल और अल्पाहार की जगह-जगह व्यवस्थाएं की गईं।
धौलागढ़ धाम में विशाल भंडारा:
माँ धौलागढ़ देवी धाम पहुँचने पर पदयात्रा के सफल समापन के उपलक्ष्य में भक्त मंडल की ओर से एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर माँ की प्रसादी ग्रहण की।
ये रहे मौजूद:
इस धार्मिक आयोजन के दौरान पार्षद गोपेश भारद्वाज, रिंकू लेखी, सोमेश्वर चौधरी, विकास भारद्वाज, रिमांशु शर्मा, सुमित सोनी, मधुर शर्मा, मनीष, लोकेश शर्मा, आकाश चौधरी, विकास बंसल, राकेश चौधरी और गौरी सोनी सहित मंडल के सैकड़ों सेवादार व हजारों पदयात्री उपस्थित रहे।

