जिला कलक्टर ने ली नगर निगम व आरयूआईडीपी की समीक्षा बैठक :जल भराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए मिलकर प्रयास करें-जिला कलक्टर
भरतपुर, 4 जुलाई (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने नगर निगम एवं आरयूआईडीपी के विकास कार्यों व बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक लेकर सभी कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र कराने एवं शहर में जल भराव की समस्या के लिए टीम भावना से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि शहर में नियमित साफ-सफाई एवं जलभराव क्षेत्रों में पानी निकासी कर सभी नालों की नियमित सफाई कराने के लिए अधिकारी सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सीएफसीडी के कार्य के दौरान किसी भी स्थान पर पानी के बहाव को रोकें नहीं, आसपास के क्षेत्रों के पम्पिंग के द्वारा ड्रेन में पानी डालें। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भी पानी निकासी के लिए पम्प सेट लगा रखे हैं उनका स्थाई समाधान के लिए प्लान बनाकर उसे मूर्त रूप दें। उन्होंने कहा कि आवासीय क्षेत्रों के नालों से मुख्य नालों में पानी का बहाव में जो भी अवरोधक हैं, उन्हें शीघ्र हटवायें।
जिला कलक्टर ने शहर के पुराने आवासीय क्षेत्र में जामा मस्जिद से नदिया मौहल्ला, खिडकी मौहल्ला, बडा मौहल्ला, नमक कटरा होकर सीएफसीडी में जाने वाले पानी के बहाव को व्यवस्थित करने के लिए सम्पूर्ण क्षेत्र के नालों की पूरी तरह सफाई करायें। उन्होंने कुम्हेर गेट से पेट्रोल पम्प के पीछे होकर जा रहे भूमिगत नाले, पोस्ट ऑफिस, आदर्श कॉलोनी, पुरानी कोतवाली के भूमिगत नाले की सफाई भी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तिलकनगर, इन्द्रा कॉलोनी, पैराडाईज आवासीय क्षेत्र के पानी निकासी के लिए अतिरिक्त पम्प सेट लगायें। उन्होंने लोहागढ स्टेडियम एवं नुमाइश मैदान में पानी की निकासी के लिए पम्प सेट लगाकर स्थाई समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम सम्पूर्ण शहर में भ्रमण कर पानी निकासी के लिए आवश्यक स्थानों पर पम्प सेट लगाने के साथ स्थाई समाधान के लिए निचली बस्तियों, कॉलोनियों से पानी लिफ्ट करने के लिए सोलर पम्प सेट का प्लान तैयार करें।
जिला कलक्टर ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुये नगर निगम, बीडीए एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय के लिए अतिरिक्त कलक्टर शहर को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी विकास कार्य कराये जायें उनमें लेवलिंग एवं ड्रेनेज सिस्टम की पूरी पालना की जाये। उन्होंने गोलपुरा रोड निर्माण के दौरान इसका ध्यान रखने तथा नगर निगम को स्टेडियम का पानी निकासी के लिए नाला निर्माण का प्लान स्टेडियम के गेट से करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में चल रहे आरयूआईडीपी के कार्यों को बरसात के दौरान स्थगित रखते हुये मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा सेवर, हीरादास, गोलमोल बगीची व ब्रह्मचारी कुण्ड का जीर्णोद्धार कार्य कराया है इनमें गुणवत्ता की कमीं पाई जाने पर संवेदक के खिलाफ कार्यवाही करें।
जिला कलक्टर ने बजट घोषणा के तहत सडकों के विस्तारीकरण, पिंक टॉयलेट निर्माण को शीघ्र पूरा कराने, नगर निगम क्षेत्र में शामिल किये गये गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने व शहर में खराब स्ट्रीट लाइट बदलने के कार्य को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान घर-घर कचरा संग्रहण को निरन्तर करते हुये सफाई पर विशेष ध्यान दें। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सडकों, गड्डों की मरम्मत के लिए कोल्डमिक्स पद्धति से मरम्मत का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई ने विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, नगर निगम के अधिशाषी अभियन्ता भरत कुमार, राजुल शर्मा, राहुल मित्तल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।