रिटायर्ड कांस्टेबल बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली: खेत के हिस्सा बांट को लेकर चल रहा था विवाद
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में बड़े भाई ने छोटे भाई के सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। दोनों भाईयों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी बड़ा भाई कल देर शाम अपने बेटे और अन्य व्यक्ति के साथ छोटे भाई के घर गया और जमीन को लेकर कहासुनी करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने कट्टा निकालकर छोटे भाई के सीने में गोली मार दी। राजेन्द्र उम्र 50 वर्ष निवासी पींगौरा थाना लखनपुर जिला भरतपुर ने बताया कि हमारे पिता निर्भय लाल के पास 18 बीघा पुश्तैनी खेत था। जिसका उन्होंने चारों भाईयों में हिस्सा बांट कर दिया। निर्भय लाल ने 5 बीघा जमीन और खरीदी जिसे अपनी पत्नी गौरा देवी के नाम कर दिया।हम तीन भाई दाऊदयाल उम्र 55 वर्ष, राजेन्द्र उम्र 50 वर्ष, दौलत उम्र 40 वर्ष अपनी हिस्से की जमीन पर खेती कर रहे थे। सबसे बड़ा भाई विजेन्द्र उम्र 62 वर्ष की पुलिस में नौकरी थी।वह भरतपुर रहता था।
इसलिए वह अपनी जमीन पर खेती नहीं कर रहा था।2 साल पहले विजेन्द्र का रिटायरमेंट हो गया। जिसके बाद वह गांव आकर कहने लगा कि 5 बीघा जमीन जो अलग से ली है वह उसने ली है।वह 5 बीघा जमीन उसे चाहिए। इसके अलावा जो 18 बीघा जमीन में से जो मुझे हिस्सा मिला उस पर तीनों भाईयों ने खेती की है।उसका उसे पैसा चाहिए। वह जब भी गांव आता तो तीनों भाईयों से इसी बात को लेकर झगड़ता।कल विजेन्द्र अपने बेटे नरेंद्र और एक व्यक्ति के साथ घर पहुंचा।वह घर आते ही जमीन के हिस्से को लेकर दौलत से झगड़ने लगा। झगड़ते हुए अचानक विजेन्द्र ने कट्टा निकालकर दौलत के सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर राजेन्द्र तुरंत मौके पर पहुंचा।
राजेन्द्र ने दौलत से कहा कि वह विजेन्द्र को पकड़ ले लेकिन विजेन्द्र दौलत को घसीटते हुए घर से बाहर ले आया। और बाइक पर बैठकर फरार हो गया। राजेन्द्र दौलत को लेकर तुरंत लखनपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचा। जहां से उसे आरबीएम अस्पताल भरतपुर रैफर कर दिया गया। आरबीएम अस्पताल भरतपुर में इलाज के दौरान दौलत ने दम तोड दिया। लखनपुर थाने के एएसआई रामसहाय ने बताया कि पींगौरा गांव में दो भाईयों के बीच जमीन को लेकर विवाद था।कल शाम विजेन्द्र नाम के व्यक्ति ने अपने भाई दौलत की गोली मारकर हत्या कर दी।शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है आरोपी अस्पताल में भर्ती हैं ।वह भी घायल हैं