कठूमर थाना पुलिस ने कट्टे से फायरिंग कर प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कठूमर / दिनेश लेखी। थाना पुलिस ने अवैध कट्टे से फायर कर दो अलग-अलग घटनाओं में दो जने को घायल करने के पांच हजार रुपए के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कठूमर बाजार में बदमाश की परेड भी कराई। पहली बार कठूमर में किसी बदमाश की परेड देखने भीड़ उमड़ गई।
पुलिस ने अभियुक्त से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का देशी कट्टे बरामद किया है। पुलिस इससे पूर्व इनमें एक घटना केआरोपी को पनाह देने के आरोप में एक जने को गिरफ्तार कर चुकी हैं। अभी एक घटना में शामिल मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
थाना प्रभारी महेश तिवाड़ी ने बताया कि छह अक्टूबर को ईसरोता निवासी आरोपी विश्राम पुत्र कजोडी गुर्जर ने कट्टे से फायर कर दिया जिससे निकले छर्रे श्रीराम गुर्जर निवासी ईसरोता को जा लगे और गंभीर घायल हो गया। इसी प्रकार राजेश पुत्र अमरसिंह जाट निवासी ईसरोता ने दस अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि मेरा भतीजा कुंवर सिंह पुत्र मोहनी जाट रात्रि करीब आठ बजे घर पर था कि रामनिवास उर्फ भोबल पुत्र बनैसिह जाट निवासी ईसरोती दीवार फांद कर घर के अंदर आ गया और कुंवर सिंह को जान से मारने की नीयत से पांच राउंड फायर किए। फायर करते समय कुंवर सिंह नीचे हो गया जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन एक छर्रा उसके गाल को छूकर निकल गया। जिससे उसके गाल में घाव हो गया। पुलिस ने डीएसपी कैलाश जिंदल के निर्देशन में सरगर्मी से तलाश कर पांच हजार रुपए का ईनाम उक्त बदमाश पर रखा और उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मौके पर पुलिस टीम में गुलाब सिंह उप निरीक्षक, वीरेंद्र सिंह कांस्टेबल, पवन कुमार, विष्णु सिंह, जफरुद्दीन,इंद्राज सिंह शामिल थे।


