रामगढ़ में पुलिस ने स्थायी वारंटी को किया गिरफ्तार: कोर्ट में पेशी से चल रहा था गैरहाजिर, 2015 में एक्सीडेंट के मामले में था फरार
रामगढ़ थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक स्थायी वारंटी जाहिर अब्बास को गिरफ्तार किया है। आरोपी जाहिर अब्बास कई सालों से न्यायालय की पेशियों से अनुपस्थित चल रहा था, जिसके चलते न्यायालय ने उसे भगोड़ा घोषित कर स्थायी वारंट जारी किया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव बरामदा (नौगांवा) में छिपा हुआ है। इस सूचना पर थानाधिकारी विजेंद्र सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, कॉन्स्टेबल मनमोहन सिंह और महबूब खान शामिल थे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बरामदा गांव में दबिश दी और आरोपी जाहिर अब्बास को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि अलवर जिले के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर वांछित और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जाहिर अब्बास को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी जाहिर अब्बास साल 2015 में हुए एक एक्सीडेंट केस में न्यायालय की पेशियों पर उपस्थित नहीं हो रहा था। लंबे समय तक फरार रहने के कारण न्यायालय ने उसे भगोड़ा घोषित कर स्थाई वारंट जारी किया था।


