सिंचाई के लिए 720 एमसीएफटी पानी जारी, 4243 हे. भूमि होगी सिंचित
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय).बयाना उपखंड के बंध बारैठा से रबी फसल की सिंचाई हेतु नहर संख्या 1 व 3 में को पानी प्रवाहित किया गया। परियोजना अध्यक्ष नाहरसिंह, एईएन दशरथ सिंह तथा जेईएन रूपचंद ने पूजा-अर्चना कर नहरों में पानी छोड़ा। पानी शुरू होते ही किसानों ने गिर्राज महाराज के जयकारे लगाए और सिंचाई की तैयारियां शुरू कर दीं। टेस्टिंग के लिए नहरों में दो-दो फुट क्षमता से पानी छोड़ा गया है, जिसे शनिवार से और बढ़ाया जाएगा। नहर संख्या 2 में फिलहाल किसानों की मांग नहीं होने के कारण पानी नहीं छोड़ा गया है।
नहरों में पानी आने से रुदावल व बयाना तहसील के 28 गांवों के किसानों को रबी की फसल में सिंचाई का लाभ मिलेगा। जलसंसाधन विभाग के अनुसार बांध में उपलब्ध 1650 एमसीएफटी पानी में से 720 एमसीएफटी सिंचाई के लिए उपयोग होगा और मार्च तक तीनों नहरों में प्रतिदिन लगभग 6 एमसीएफटी पानी दिया जाएगा। साथ ही 414 एमसीएफटी पानी भरतपुर पेयजल के लिए सुरक्षित रखा गया है। नहरों की सफाई के लिए श्रमिक तैनात किए गए हैं तथा पानी चोरी रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी।
जल वितरण समिति की बैठक में उठाई मांग के बाद माइनर तोड़ने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।