भरतपुर में एससी/एसटी एक्ट मामले में अदालत में सरेंडर करने और फिर कोर्ट से जे.सी करने के आदेश सुनते ही कटघरे से कूदकर फरार
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर में एससी/एसटी एक्ट मामले में अदालत में सरेंडर करने और फिर कोर्ट से जे.सी करने के आदेश सुनते ही कटघरे से कूदकर फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र उर्फ बबला 48 घंटे बाद भी पुलिस की गिरफ्तार बाहर है। घटना के बाद कोर्ट के रीडर अशोक कुमार द्वारा मथुरा गेट पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी सुरेंद्र उर्फ बबला एससी/एसटी एक्ट के एक मामले में 4 नवम्बर को अदालत में सरेंडर करने आया था जबकि उसकी एक अन्य केस में हाईकोर्ट से जमानत अर्जी खारिज हो चुकी थी, जिसके चलते कोर्ट द्वारा उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया था। आदेश सुनते ही आरोपी अचानक कटघरे से कूदकर पुलिसकर्मियों को चकमा देते हुए परिसर से फरार हो गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुरेंद्र उर्फ बबला पर भरतपुर, बयाना, सूरौठ, हिंडौन और अन्य इलाकों में 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा वह गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है एवं जिला पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटर घोषित किया जा चुका है। फरार हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमें तलाश में भेजी गई हैं पर 48 घंटे बाद भी वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही फरार हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

