संविधान दिवस पर आंबेडकर पार्क में हुआ गरिमापूर्ण आयोजन
सरमथुरा (नाहरसिंह मीणा) डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क, सरमथुरा में मंगलवार को संविधान दिवस का आयोजन सम्मानपूर्वक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
वक्ताओं ने इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और भारतीय संविधान की रचना में उनकी निर्णायक भूमिका पर प्रकाश डाला। संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों को भी संक्षेप में प्रस्तुत किया गया।
पंचायत समिति सरमथुरा के प्रधान श्रद्धेय सुआलाल ने समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान को विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान बताया और कहा कि यह नागरिकों को समानता, न्याय और स्वतंत्रता का सुरक्षा कवच प्रदान करता है।
समारोह के समापन पर अध्यापक नरेंद्र सिंह द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया तथा सभी उपस्थित लोगों को संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान “ जय भीम” और “जय संविधान ” के नारे गूंजते रहे।
इस अवसर पर प्रधान सुआलाल, केदार, शिवसिंह (अध्यापक), गहलोत बैरवा (वरिष्ठ अध्यापक), प्रिंसिपल दुर्ग सिंह मीना, धर्मेंद्र (अध्यापक), भगवानलाल (वरिष्ठ अध्यापक), ओमप्रकाश (वरिष्ठ अध्यापक), श्रीलाल (सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक), धर्मसिंह, धीरेंद्र (वरिष्ठ अध्यापक), नरेंद्र (अध्यापक), नरेश (अध्यापक), डॉ. विनोद परसोइया, राजेंद्र ठेकेदार सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।