भैंसडावत में टूटी सड़क, जलभराव के मुद्दे उठे: रात्रि चौपाल में पेयजल पाइपलाइन खुदाई के बाद सड़क मरम्मत नहीं करने की शिकायत दी
गोविंदगढ़ उपखण्ड के भैंसडावत स्थित अटल सेवा केंद्र में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। ये चौपाल मुख्य सचिव और जिला कलेक्टर के निर्देशों पर आयोजित की गई।
सर्दी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। इनमें पेयजल आपूर्ति में अनियमितता, बार-बार बिजली कटौती, गलियों में खराब स्ट्रीट लाइटें, सफाई व्यवस्था में कमी, पेंशन और राशन वितरण में अनियमितता, वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन में देरी, आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों की समस्याएं, स्कूलों के आसपास सुरक्षा की मांग, सड़क सुधार, राजस्व और अतिक्रमण संबंधी मुद्दे प्रमुख थे।
ग्रामीण रमन कुमार शर्मा, इब्राहिम खान, हारून, मुस्तकीम, समसुदीन और प्रवीण, संजू शामिल थे, एक संयुक्त मौखिक शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जलदाय विभाग के ठेकेदार ने पाइपलाइन खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई है। इससे जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि जलभराव के कारण मकानों के आगे पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है।
सरपंच रामहेत जाटव ने भी इन समस्याओं को कई बार पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक में उठाया है, लेकिन अभी तक इनका समाधान नहीं हो पाया है। उपखण्ड अधिकारी ऐश्वर्यम प्रजापति ने बताया कि रात्रि चौपाल में प्राप्त प्रत्येक आवेदन के तत्काल निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने ये भी कहा कि कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
एसडीएम प्रजापति ने जोर देकर कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि परिवादी के चेहरे पर संतोष लाना है। इस दौरान बीडीओ, तहसीलदार, एसीबीईओ अकबर खान, पशु चिकित्सक प्रेमसिंह सहित बिजली विभाग, जलदाय विभाग, पटवारी, कृषि विभाग और रसद विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।