कानून की जानकारी ही बच्चों का सबसे बड़ा कवच: कठूमर में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में गूंजे संदेश
कठूमर (दिनेश लेखी)
तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया के निर्देशानुसार स्थानीय लॉर्ड कृष्णा एकेडमी विद्यालय में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, साइबर अपराधों और समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था।
शिविर के दौरान पैरा लीगल वालंटियर वीरेन्द्र कुमार नूंगरवार ने नालसा की बच्चों के लिए बाल कानूनी योजना-2024 के तहत छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और आधुनिक युग में बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
कुरीतियों और बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर चर्चा
वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता तेजसिंह राठी ने समाज में फैली कुप्रथाओं जैसे मृत्यु भोज और बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाल विवाह से बालिकाओं के शारीरिक और मानसिक विकास पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों को समझाते हुए बाल विवाह निषेध एवं रोकथाम अधिनियम के विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव रुचि शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, पीड़ित प्रतिकर योजना, निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता और लोक अदालत के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान पीएलवी योगेश चौहान, विद्यालय के निदेशक डॉ. अश्विनी रावत और प्रधानाचार्य विक्रम चौहान सहित करीब 150 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने विधिक जानकारियों को बहुत ध्यान से समझा।

