नववर्ष पर मनाया पौष बड़ा महोत्सव, बही भजनों की सरिता
सकट (अलवर). नववर्ष के उपलक्ष्य में कस्बे के राजपुर बड़ा रोड़ स्थित जोहड़ी वाले भोमियाजी महाराज के स्थान पर गुरुवार को ग्रामीणों के सहयोग से पौष बड़ा महोत्सव मनाया गया। ग्रामीण जयनारायण व रामप्रसाद मीणा ने बताया कि पौष बड़ा महोत्सव को लेकर भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में राजपुर बड़ा गांव के गायक कलाकार ओमप्रकाश सैनी व छोटे लाल सैनी ने भजनों के माध्यम से भोमिया जी महाराज, खाटू श्याम जी, राधा कृष्ण, हनुमान जी, शिवजी व शेरावाली माता के भजनों की मधुर मधुर प्रस्तुतियां पेश की गई। जिन पर कई श्रद्धालु थिरकते हुए नजर आए। इस मौके पर भोमिया जी महाराज की प्रतिमा की सुगंधित फूलों से मनमोहक झांकी सजाई गई। कार्यक्रम के अंत में महा आरती के बाद भोमिया जी महाराज को पौष बड़ा प्रसादी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर सकट सरपंच प्रतिनिधि फूल चंद सैनी, नाथलवाड़ा सरपंच मुकेश मंडावरी, घासी पंच, गोपाल पांचाल, बाबूलाल बागड़ी, रामखिलारी, बल्ला राम,प्रहलाद, हरि ओम, महेन्द्र , रामकेश, जगदीश, रतन लाल मीणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।